
यात्रियों से वसूला जुर्माना, ट्रेन में अनधिकृत पानी जब्त
उत्तर मध्य रेलवे के अंतर्गत ईदगाह-टूंडला रेल खंड में चलाए गए विशेष टिकट चेकिंग अभियान के दौरान गत दिवस 42 यात्रियों को पकड़ा गया। इन यात्रियों से रेलवे ने कुल 31,310 का जुर्माना वसूला। वहीं दूसरी ओर रेलवे दल ने एक ट्रेन में बेचे जा रहे अनधिकृत पानी के सात कार्टन जब्त कर लिए।
आगरा मंडल के जनसंपर्क अधिकारी संजय कुमार गौतम ने बताया कि गत दिवस कई यात्री ट्रेनों की जांच की गई। इसमें 22 यात्रियों को बिना टिकट और 20 यात्रियों को जनरल टिकट पर स्लीपर कोच में सफर करते हुए पकड़ा गया। इन सभी से जुर्माना वसूला गया।
वहीं मरुधर एक्सप्रेस की पैंट्री कार में यात्रियों को बिना मंजूरी वाले अनधिकृत ब्रांड का पानी बेचे जाने पर रेलवे दल ने जांच के दौरान पानी के सात कॉर्टन जब्त किए।जन संपर्क अधिकारी ने बताया कि मरुधर एक्सप्रेस की पैंट्री कार की औचक जांच की गई थी। एटीएस कैटरर्स के पास अल्फा ब्रांड के पानी के सात कार्टन मिले थे। कार्टून जब्त कर आवश्यक कार्रवाई के लिए पार्सल कार्यालय अछनेरा को सौंप दिए गए।
Source: Newsline Features And Press Agency, Agra



