प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करें पुराने राजस्व बाद मंडलायुक्त

ADVERTISEMENT
Digital Chacha Advertisement

मंडलायुक्त आगरा नगेंद्र प्रताप सिंह ने गत दिवस कलेक्ट्रेट स्थित लघु सभागार में मंडल स्तरीय कर-करेत्तर कार्यों एवं राजस्व वादों की समीक्षा बैठक आयोजित की। उन्होंने अधिकारियों को राजस्व वसूली के निर्धारित लक्ष्यों को प्राप्त करने और विभिन्न न्यायालयों में लंबित पांच साल से ज्यादा पुराने मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने के निर्देश दिए।
समीक्षा बैठक के दौरान वाणिज्य कर में फिरोजाबाद और मैनपुरी क्रमिक मासिक वसूली में पीछे रहे। स्टांप एवं रजिस्ट्रेशन मद में मैनपुरी को छोड़कर शेष जिले लक्ष्य हासिल नहीं कर पाए। आबकारी मद में आगरा और विद्युत मद में मैनपुरी की प्रगति भी अपेक्षा से कम रही। खनिज मद में मंडल के चारों जिले वसूली में पीछे रहे।
मंडलायुक्त ने इस पर नाराजगी जताते हुए सभी संबंधित विभागों को पूरी सक्रियता के साथ कर वसूली में प्रगति लाने के निर्देश दिए। उन्होंने धारा 24 के अंतर्गत आगरा जिले में 5 वर्ष से अधिक समय से लंबित आठ मामलों का तत्काल निराकरण करने का आदेश दिया। उन्होंने पैमाइश विवादों में आधुनिक रोवर तकनीक का उपयोग करने और इसकी नियमित प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
मंडलायुक्त ने खराब प्रदर्शन करने वाली तहसीलों को अपनी कार्यप्रणाली में सुधार लाने की हिदायत दी। बैठक में अपर आयुक्त प्रशासन राजेश कुमार, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व संदीप कुमार वर्मा, अपर जिलाधिकारी नागरिक आपूर्ति अजय एन सिंह के अलावा अन्य जिलों के अधिकारी मौजूद रहे।

Source: Newsline Features And Press Agency, Agra

ADVERTISEMENT
Advertisement

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *