
सेहत के लिए उपयोगी है हल्दी वाला दूध
किचन में मसाले के रूप में उपयोग में लाई जाने वाली हल्दी सिर्फ मसाला ही नहीं है बल्कि इसका सही ढंग से इस्तेमाल किया जाए तो यह हमारे शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को भी बेहतर बनाने में मददगार है। चोट लगने पर आज भी घरेलू उपचार के तौर पर सबसे पहले हल्दी वाला दूध ही दिया जाता है।
गोल्डन मिल्क के नाम से लोकप्रिय हल्दी वाला दूध अब विश्व के पश्चिमी देशों में भी भारतीय परंपरा को जीवंत बना रहा है। डॉक्टरों की मानें तो हल्दी में मौजूद खास तत्व करक्यूमिन शरीर की सूजन, जलन, पेट दर्द, अफारा, खट्टी डकारें जैसी परेशानियों में राहत दे सकता है।
डॉक्टरों के अनुसार हल्के गुनगुने दूध में निर्धारित मात्रा में पीसी हुई शुद्ध हल्दी मिला कर रात में सोने से कम से कम एक घंटा पहले सेवन करना चाहिए। कद्दू कस की हुई कच्ची हल्दी को दूध में उबाल कर और हल्का गर्म रह जाने पर पीने से भी लाभ मिलता है।
डॉक्टरों की राय है कि हल्दी वाले दूध का सेवन अपनी मर्जी से पीना बजाय लाभ के दुकसानदायी भी हो सकता है। क्योंकि हल्दी की तासीर गर्म होती है। इसलिए सदैव अपने फैमिली डॉक्टर या विशेषज्ञ की सलाह से ही हल्दी वाले दूध का सेवन करना चाहिए।
Source: Newsline Features And Press Agency, Agra



