
बदलते मौसम के कारण बढ़ रहे हैं जोड़ों के दर्द के मरीज
कभी गर्मी, कभी बरसात तो कभी उमस, मौसम के इस बदलाव के चलते इन दिनों जोड़ों में दर्द के मरीज बढ़ रहे हैं। यह कहना है आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज के हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉक्टर रजत कपूर का।
डॉक्टर कपूर ने बताया कि सामान्य तौर पर 60 वर्ष की उम्र के बाद लोगों में जोड़ों के दर्द की समस्याएं अधिक होती हैं। इनकी मुख्य वजह शरीर में विटामिन डी, विटामिन बी 12 और सीरम कैल्शियम की कमी होना है। इन पोषक तत्वों की कमी से हड्डियों में कमजोरी आने लगती है।
डॉक्टर कपूर ने बताया कि बदलते मौसम में लापरवाही बरतने से जोड़ों में दर्द, गठिया, कंधों में दर्द के साथ अकड़न और जोड़ों के आसपास ऊतकों में सूजन आने की संभावना रहती है। कई बार तेज दर्द के कारण पैरों में सुन्नपन भी हो सकता है।
डॉक्टर कपूर ने बताया कि इन समस्याओं से बचने के लिए कैल्शियम युक्त भोजन और भरपूर पानी का सेवन आवश्यक है। इसके अलावा नियमित हल्का व्यायाम, दर्द होने पर गुनगुने पानी से सिकाई, जरूरत पड़ने पर फिजियोथेरेपी, एसी और कूलर की हवा से बचाव आदि पर ध्यान दिया जाना चाहिए।
Source: न्यूज़लाइन फीचर्स एंड प्रेस एजेंसी



