
जिला स्तरीय निरीक्षण समिति ने किया मानसिक स्वास्थ्य संस्थान का औचक निरीक्षण
जिला स्तरीय आश्रय गृह निरीक्षण समिति की अध्यक्षा एवं अपर जिला जज श्रीमती संगीता कुमारी के नेतृत्व में समिति के सदस्यगण अपर जिला जज विराट कुमार श्रीवास्तव, लोकेश कुमार, यशवंत सरोज तथा अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट श्रीमती विनीता सिंह द्वारा मंगलवार 30 सितंबर को आगरा के मानसिक चिकित्सालय एवं स्वास्थ्य संस्थान का औचक निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान समिति द्वारा संस्थान में भर्ती मरीजों के लिए उपलब्ध चिकित्सकीय सुविधाओं, उपचार व्यवस्था, स्वच्छता, भोजन, आवास व्यवस्था, सुरक्षा एवं अन्य आवश्यक मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया गया। समिति के सदस्यों द्वारा मरीजों से संवाद कर उन्हें उपलब्ध कराई जा रहीं सुविधाओं एवं उनकी आवश्यकताओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की गई।
निरीक्षण के दौरान संस्थान के निदेशक डॉक्टर दिनेश कुमार राठौर, अधीक्षक अनिल सिसोदिया सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। संस्थान के अधिकारियों ने समिति को संस्थान में मरीजों के उपचार एवं देखभाल हेतु की जा रही व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी प्रदान की।
समिति द्वारा संस्थान में भर्ती मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं एवं आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के संबंध में अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए तथा मरीजों के हित एवं कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता दिए जाने पर बल दिया गया।
Source: Newsline Features And Press Agency, Agra



