
जम्मू-कश्मीर के स्कूलों में नशे के खिलाफ मुहिम शुरू
जम्मू-कश्मीर के सभी सरकारी, निजी, पीएम श्री, मॉडल, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय और आवासीय स्कूलों में बच्चों को नशे के जाल से बचाने के लिए विशेष मुहिम शुरू की गई है। इसके लिए भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा अपील की गई थी।
स्कूल शिक्षा विभाग ने स्कूलों में प्रतिदिन प्रार्थना सभा के दौरान 10 मिनट का विशेष जागरूकता सत्र अनिवार्य कर दिया है। इसमें बच्चों और किशोरों को सभी प्रकार के नशे से होने वाले नुकसान के बारे में समझाना होगा और उन्हें नशे की गिरफ्त में आने से पहले ही सतर्क करना होगा।
जम्मू-कश्मीर के स्कूल शिक्षा विभाग के अनुसार प्रार्थना सभा में विद्यार्थियों को नशा नहीं करने के लिए जागरूक करने के अलावा स्वस्थ जीवनशैली एवं तनाव प्रबंधन की जानकारी भी दी जाएगी। साथ ही डॉक्टर, मनोवैज्ञानिक, पुलिस अधिकारी, नशामुक्ति विशेषज्ञ, अभिभावक और पूर्व विद्यार्थी संवाद करेंगे।
इस व्यवस्था में हर माह के प्रथम कार्यदिवस पर किसी भी तरह का नशा नहीं करने के संबंध में शपथ, रोल प्ले, नुक्कड़ नाटक और अन्य जागरूकता गतिविधियों का आयोजन भी किया जाएगा। इसके अलावा हर स्कूल में मासिक रोस्टर भी तैयार किया जाएगा।
Source: Newsline Features And Press Agency, Agra



