
ग्रेटर आगरा बार एसोसिएशन का चुनाव नवंबर में
ग्रेटर आगरा बार एसोसिएशन की नई कार्यकारिणी के गठन के लिए नवंबर में चुनाव कराया जाएगा। यह निर्णय शुक्रवार 9 अक्टूबर को दीवानी न्यायालय परिसर स्थित एसोसिएशन के कार्यालय में आयोजित एक महत्वपूर्ण बैठक में लिया गया है। बैठक की अध्यक्षता एसोसिएशन के अध्यक्ष गिरीश पाठक एडवोकेट द्वारा की गई।
एल्डर्स कमेटी के चेयरमैन शिवराज सिंह चाहर एडवोकेट द्वारा एसोसिएशन के चुनाव नवंबर में कराए जाने की स्वीकृति प्रदान की गई। चुनाव प्रक्रिया से पहले नई एल्डर्स कमेटी के गठन पर भी सर्वसम्मति से विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में निर्णय लिया गया कि आगामी चुनाव में केवल उन्हीं सदस्यों को मतदाता के रूप में भाग लेने का अधिकार होगा, जिन्होंने अपना पुनः सत्यापन फॉर्म जमा कराकर नया सदस्यता कार्ड बनवा लिया है। जिन पूर्व सदस्यों द्वारा अभी तक पुनः सत्यापन फॉर्म जमा नहीं किया गया है, उन्हें मतदाता सूची में शामिल नहीं किया जाएगा।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए श्री पाठक ने कहा कि सदस्यों को अपनी सदस्यता का सत्यापन करा कर नया परिचय पत्र बनवाने के संबंध में अनेकों बार सूचनाएं दी जा चुकी हैं। दीवानी परिसर में सूचना चस्पा करने के साथ-साथ समाचार पत्रों में भी विज्ञापन प्रकाशित कराकर सदस्यों को अवगत कराया गया है। इसके बावजूद जिन सदस्यों ने अभी तक अपना पुनः सत्यापन नहीं कराया है, वे शीघ्र आवश्यक प्रक्रिया पूर्ण कर लें, अन्यथा वे आगामी चुनाव की मतदाता सूची में शामिल नहीं हो सकेंगे।
बैठक में वरिष्ठ सदस्य कोमल सिंह वर्मा, एल्डर्स कमेटी के चेयरमैन शिवराज सिंह चाहर, गिरीश पाठक, संयुक्त सचिव अमित पाराशर, उपाध्यक्ष सुभाष चंद्र गौतम, कोषाध्यक्ष राशिद सलीम शम्सी, सचिव अर्जुन सिंह, कार्यकारिणी सदस्य आकाश चौहान, नरेश पाराशर, ठाकुर उपेंद्र चौहान सहित अन्य सदस्यगण उपस्थित रहे।
Source: Newsline Features And Press Agency, Agra



