गरीब का आवास नष्ट होने पर तुरंत दें घर : सीएम योगी

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि नागरिक सुरक्षा और किसानों की आजीविका की रक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को किसी तरह की आपात स्थिति में राहत एवं बचाव कार्यों में संवेदनशीलता और समन्वय से कार्य करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अग्नि, दुर्घटना, बाढ़ आदि आपदा के कारण गरीब का आवास नष्ट होने पर उसे तत्काल मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत आवास दिया जाए। लखनऊ में सोमवार 20 जुलाई को समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वह स्थानीय जरूरतों के अनुसार राहत एवं बचाव कार्यों की रणनीति तैयार करें। कम वर्ष वाले क्षेत्रों में सिंचाई संसाधनों का अधिकतम उपयोग करें। साथ ही फसल की बोआई और सिंचाई के समय किसानों को सहायता उपलब्ध कराएं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राहत आयुक्त कार्यालय का कंट्रोल रूम 24 घंटे सक्रिय रखा जाए। हर घंटे की जानकारी मुख्यमंत्री कार्यालय, डीजीपी कार्यालय और संबंधित राहत एजेंसियों को भेजना सुनिश्चित करें। राहत शिविरों में भोजन, पेयजल, चिकित्सा और स्वच्छता की व्यवस्था की जाए। इसके अलावा बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों, दिव्यागजनों और गर्भवती महिलाओं की जरूरतों पर भी विशेष ध्यान दिया जाए।

Source: न्यूज़लाइन फीचर्स एंड प्रेस एजेंसी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *