
खुले में कूड़ा फेंकने पर नगर निगम घर भेजेगा नोटिस
आगरा शहर में खुले स्थानों, सड़क किनारे और खाली पड़े भूखंडों पर कूड़ा फेंकने वालों के खिलाफ नगर निगम ने सख्ती शुरू कर दी है। निगम की ओर से ऐसे लोगों की पहचान कर उनके घर नोटिस भेजे जाएंगे। नगर निगम का उद्देश्य शहर में बढ़ते कचरे पर रोक लगाने के साथ सार्वजनिक स्थानों को साफ-सुथरा बनाए रखना है।
नगर निगम के जेडएसओ योगेंद्र कुशवाहा ने बताया कि ताजगंज क्षेत्र के गोबर चौकी-सब्जी मंडी इलाके में कचरा डालने वाले 14 लोगों को नोटिस जारी किए गए हैं। क्षेत्र में नियमित निरीक्षण के दौरान इन लोगों की पहचान की गई। निगम की डोर-टू-डोर कलेक्शन व्यवस्था के बावजूद सड़क, प्लॉट और नालियों में कचरा डालने वालों पर कार्रवाई की जा रही है।
सहायक नगर आयुक्त अशोक प्रिय गौतम ने लोगों से अपील की है वे कचरा निर्धारित स्थान और निगम की कलेक्शन व्यवस्था के माध्यम से ही दें। खाली प्लॉट, नालों और सड़कों पर कचरा नहीं डालें। नगर निगम की डोर टू डोर कलेक्शन व्यवस्था के माध्यम से ही गीला और सूखा कचरा अलग-अलग करके दें।
नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य ने बताया कि सड़कों, नालियों और प्लॉटों में कचरा फेंकने वालों की पहचान कर नोटिस जारी कर चेतावनी दी जाएगी और इसके बाद नियमों का उल्लंघन करने वालों से जुर्माना वसूला जाएगा। शहर को स्वच्छ रखने की जिम्मेदारी केवल प्रशासन की नहीं, बल्कि आम लोगों की भी है।
Source: Newsline Features And Press Agency, Agra



