
उत्कृष्ट कार्य करने वाली ग्राम पंचायतों को मिलेगा 50 लाख का पुरस्कार
उत्तर प्रदेश के पंचायती राज विभाग ने ग्राम पंचायत के विकास को प्रोत्साहित करने के लिए पहली बार मुख्यमंत्री विशेष पुरस्कार की शुरुआत की है। इसके तहत प्रदेश में उत्कृष्ट कार्य करने वाली दस ग्राम पंचायतों का चयन करके 50 लाख रुपए तक का पुरस्कार दिया जाएगा।
पंचायती राज निदेशक अमित सिंह ने बताया कि पुरस्कार के लिए ग्राम पंचायतों का चयन 10 विशेष श्रेणियों में किया जाएगा। इनमें घर-घर कचरा इकट्ठा करने, तरल अपशिष्ट प्रबंधन, पंचायत की स्वयं की आय बढ़ाने, प्लास्टिक मुक्त बनाने और प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन में उत्कृष्ट कार्य शामिल किए गए हैं ।
पंचायती राज निदेशक ने बताया कि कॉमन सर्विस सेंटर के माध्यम से सार्वजनिक सेवाएं उपलब्ध कराने, पर्यावरण संरक्षण एवं जैव विविधता संवर्धन और मेरा तालाब मेरी योजना में बेहतर कार्य करने वाली पंचायतों को भी पुरस्कार योजना के चयन में शामिल किया जाएगा। इस योजना के तहत पूरे प्रदेश से क्षेत्र विशेष में उल्लेखनीय कार्य करने वाली 10 ग्राम पंचायतों का चयन कर उन्हें पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी।
Source: Newsline Features And Press Agency, Agra



