
अब कमिश्नरेट में होंगे उत्तरी और दक्षिणी नए जोन
आगरा कमिश्नरेट के नगर जोन को दो हिस्सों में बांट कर दो नए उत्तरी और दक्षिणी जोन बनाए जाएंगे। पुलिस मुख्यालय ने प्रस्ताव को उत्तर प्रदेश शासन को भेज दिया है। शासन की स्वीकृति मिल जाने पर एक और डीसीपी तैनात होंगे। सर्किल और 23 थानों को बांटकर नया जोन बनेगा।
पुलिस आयुक्त दीपक कुमार ने बताया कि नवंबर 2022 में आगरा को कमिश्नरेट का दर्जा मिला था। इसके तहत तीन जोन आगरा शहर, पूर्वी और पश्चिमी जोन बनाए गए थे। इसमें 49 थानों को अलग-अलग बांटा गया था। उपायुक्त नगर और पश्चिमी जोन का कार्यालय कलेक्ट्रेट में है, जबकि पूर्वी जोन का कार्यालय बमरौली कटारा में है। उन्होंने बताया कि पुलिसिंग को और बेहतर करने के लिए प्रस्ताव पुलिस मुख्यालय भेजा गया था। प्रस्ताव को मुख्यालय से पास करने के बाद शासन में भेजा गया है। इस पर जल्दी मोहर लगा सकती है।
पुलिस आयुक्त ने बताया कि नया जोन बनने के बाद शहरी क्षेत्र में एक और डीसीपी को तैनात किया जाएगा। उत्तरी जोन में तीन सर्कल और तेरह थाने आएंगे। इनमें थाना सदर, ताज सुरक्षा और कोतवाली सर्किल शामिल होंगे। पूर्वी जोन के बमरौली कटारा थाने को ताज सुरक्षा सर्किल में शामिल किया जाएगा। दक्षिणी जोन में चार सर्कल और 14 थाने आएंगे। थाना हरीपर्वत, छत्ता, लोहामंडी और एत्मादपुर सर्किल आएंगे। शहर की सीमा से सटा होने के कारण एत्मादपुर सर्किल को भी दक्षिणी जोन में शामिल किया जाएगा। अभी यह पश्चिमी जोन का हिस्सा है।
पुलिस आयुक्त ने बताया कि एक सर्कल के निकल जाने से इस जोन में तीन सर्कल और 9 थाने ही रह जाएंगे। नए जोन बनने के बाद डीसीपी का पद सृजित किया जाएगा। इसका भी प्रस्ताव भी भेजा गया है। उन्होंने बताया कि एत्मादपुर और हरीपर्वत सर्किल में नेशनल हाईवे और अलीगढ़ हाईवे आते हैं। यहां पर सड़क दुघर्टनाओं की संख्या अधिक होती है। दक्षिणी जोन में एत्मादपुर सर्किल के आने के बाद दुर्घटनाओं को रोकने के लिए पुलिस द्वारा प्रभावित कदम उठाए जाएंगे।
Source: Newsline Features And Press Agency, Agra



