
मोबाइल स्क्रीन के अधिक उपयोग से बच्चों की रीढ़ व गर्दन में हो सकता है दर्द
लंबे समय तक और गलत मुद्रा में बैठकर मोबाइल, कंप्यूटर, लैपटॉप की की स्क्रीन पर ज्यादा समय बिताने से बच्चों में रीढ़, गर्दन और पीठ में दर्द की समस्याएं बढ़ रही हैं।
फिजियोथैरेपिस्ट के अनुसार जो बच्चे गलत मुद्रा में लंबे समय तक बैठे रह कर मोबाइल देखते रहते हैं और शारीरिक गतिविधियों में भाग नहीं लेते, उनमें पीठ, गर्दन और कंधे के दर्द की शिकायत देखी गई हैं। स्मार्टफोन का उपयोग करते समय उनकी गर्दन एक ओर झुक जाती है, जिससे सिर के साथ उसका तालमेल बिगड़ने लगता है।
विशेषज्ञों की मानें तो बच्चों को लगातार गलत मुद्रा में बैठकर मोबाइल नहीं देखना चाहिए। अगर बच्चे मोबाइल देख रहे हैं तो उनके माता-पिता को निगरानी रखने की जरूरत है। बच्चों के बैठने की कुर्सी और टेबल का संतुलन सही होना चाहिए ताकि उनकी रीढ़ की हड्डी बिल्कुल सीधी रहे। बच्चों की उम्र के हिसाब से उन्हें रोजाना आउटडोर गेम्स और व्यायाम करने की आदत डालें। अगर बच्चा लगातार या बार-बार पीठ, गर्दन और कंधे में दर्द की शिकायत करता है तो डॉक्टर से संपर्क कर जांच करानी चाहिए।
Source: Newsline Features And Press Agency, Agra



