Physical Address
304 North Cardinal St.
Dorchester Center, MA 02124
Physical Address
304 North Cardinal St.
Dorchester Center, MA 02124

ताज नगरी में तेजी से गिरते भूगर्भ जल स्तर की समस्या से निपटने के लिए आगरा नगर निगम द्वारा शहर में 10 चयनित स्थानों पर रिचार्ज प्वाइंट बनाए जाने का निर्णय लिया गया है।
केंद्र सरकार के कैच द रेन अभियान के तहत सोमवार 27 जुलाई को नगर निगम के कार्यकारिणी कक्ष में वर्षा जल संचयन पर कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें पीपुल्स साइंस इंस्टिट्यूट और नेशनल इंस्टीट्यूट आफ अर्बन अफेयर्स ने वर्षा जल को सहेजने और भूगर्भ जलस्तर में सुधार के उपाय बताए।
कार्यशाला में जल निगम, वन विभाग, नगर निगम, जल कल विभाग, उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, आगरा स्मार्ट सिटी लिमिटेड तथा विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। विशेषज्ञों ने वर्षा जल को व्यर्थ बहने से रोकने के साथ ही वैज्ञानिक तरीके से भूगर्भ जल स्तर बढ़ाने की नई तकनीक साझा की।
कार्यशाला के दौरान निगम अधिकारियों ने जानकारी दी कि आगरा में 10 स्थानों का चयन भूगर्भ जल के रिचार्ज पॉइंट बनाने के लिए किया गया है। इसे भारत सरकार की स्वीकृति भी प्राप्त हो चुकी है। चयनित स्थानों पर वैज्ञानिक पद्धति से रिचार्ज पॉइंट विकसित किए जाएंगे, जिससे वर्षा जल नदी की जगह भूगर्भ में पहुंचेगा और आने वाला कल सुरक्षित होगा।
निगम अधिकारियों ने बताया कि जिन स्थानों का चयन रिचार्ज पॉइंट के लिए किया गया है, उनमें गोपेश्वर नाथ मंदिर, हलवाई की बगीची, राम साहनी की बगीची, बीघा मंदिर, अबुल उलाह दरगाह, कोठी मीना बाजार, चिंता हरण तालाब, नगर निगम कैंपस, आगरा विकास प्राधिकरण कार्यालय और तिरंगा चौक शामिल हैं।
समीक्षा बैठक के दौरान पर्यावरण अभियंता पंकज भूषण, सहायक नगर आयुक्त श्रद्धा पांडे, मुख्य वित्त एवं लेखा अधिकारी बृजेश सिंह, स्वच्छ भारत मिशन के सह प्रभारी सुरेश यादव सहित विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
Source: Newsline Features And Press Agency, Agra