
आगरा में एनसीसी कैडेटों का हवाई कूद प्रशिक्षण शुरू
देश के विभिन्न राज्यों से कठिन परीक्षा के बाद चुने गए 60 एनसीसी कैडेटों का आगरा में हवाई कूद प्रशिक्षण शुरू हो गया है जो 24 सितंबर तक चलेगा।
एक यूपी एयर स्क्वाड्रन एनसीसी, आगरा के तत्वावधान में एयरफोर्स स्टेशन आगरा स्थित पीटीएस में पैरा बेसिक कोर्स आयोजित किया जा रहा है। इसमें 30 लड़के और 30 लड़कियां शामिल हैं। प्रशिक्षण के दौरान कैडेटों को करीब 1250 फीट की ऊंचाई से हवाई कूद के साथ सुरक्षित रूप से जमीन पर उतरने की बारीकियां समझाई जाएंगी।
कमान अधिकारी विंग कमांडर खुशहाल सिंह नेगी ने बताया कि पूरे देश से कठिन परीक्षा के बाद एनसीसी कैडेटों का इस स्पेशल कोर्स के लिए चयन होता है। सफल प्रशिक्षण के बाद सभी को प्रमाणपत्र दिए जाएंगे।
हवाई कूद प्रशिक्षण शिविर के संचालन में जेडब्ल्यूओ पीके झा, सार्जेंट अंशुल चौधरी, सार्जेंट गजेंद्र सिंह, सार्जेंट रविंद्र सिंह, वरिष्ठ सहायक अहमद अली, शिव कुमार और विशाल चौधरी सहयोग कर रहे हैं।
Source: Newsline Features And Press Agency, Agra



