
अब रात 12 बजे तक मिलेगी स्पीड पोस्ट-पार्सल की सुविधा
शहरवासियों की सुविधा के लिए आगरा के भारतीय डाक विभाग द्वारा अपनी सेवाओं के समय में विस्तार किया गया है। अब प्रधान डाकघर, संजय प्लेस डाकघर और महात्मा गांधी रोड स्थित जीएल एंपोरियम डाकघर में अधिक समय तक डाक सेवाएं उपलब्ध होंगी।
प्रधान डाकपाल शशि कांत जैन ने बताया कि प्रतापपुरा स्थित प्रधान डाकघर में अब सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक डाक सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। संजय प्लेस स्थित डाकघर में सुबह 8 बजे से रात्रि 12 बजे तक डाक सुविधा का लाभ लिया जा सकेगा। वहीं महात्मा गांधी रोड स्थित जीएल एंपोरियम डाकघर में सुबह 8 बजे से रात्रि 11 बजे तक यह सुविधा दी जाएगी। इन केंद्रों पर लोग स्पीड पोस्ट, पार्सल, राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय डाक सहित विभिन्न सेवाओं का लाभ ले सकेंगे।
प्रधान डाकपाल ने बताया कि डाक सेवाओं के विस्तारित समय से नौकरीपेशा, व्यापारियों और अन्य नागरिकों को काफी राहत मिलेगी, क्योंकि अब वे देर शाम और रात में भी आवश्यक डाक सेवाओं का लाभ उठा सकेंगे। उन्होंने बताया कि डाक विभाग के आधार सेवा केंद्रों पर आधार कार्ड का नए नामांकन के साथ ही आधार अपडेट कराने की सुविधा भी उपलब्ध है। यह सेवा सोमवार से शनिवार सुबह 6 बजे से रात्रि 8 बजे तक और रविवार को सुबह 6 बजे से शाम 6 बजे तक संचालित की जा रही है।
Source: Newsline Features And Press Agency, Agra



