
लघु आपराधिक मामलों व चालानों का समयबद्ध निस्तारण हो : जनपद न्यायाधीश
उच्च न्यायालय इलाहाबाद द्वारा लघु आपराधिक मामलों एवं मोटर वाहन अधिनियम के अंतर्गत चालानों के प्रभावी एवं समयबद्ध निस्तारण के संबंध में निर्गत दिशा-निर्देशों के अनुपालन में मंगलवार 8 सितंबर को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण आगरा के अध्यक्ष एवं जनपद न्यायाधीश संजय कुमार मलिक की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में वाहनों के चालानों में वाहन चालक या उल्लंघनकर्ता का पूर्ण विवरण, मोबाइल नम्बर एवं अन्य आवश्यक सूचनाएं सही रूप से अंकित किए जाने तथा चालानों के समयबद्ध निस्तारण सहित समन व नोटिस की प्रभावी तामील कराने पर विशेष बल दिया गया।
इसके अलावा ई-चालानों को न्यायालय एवं वर्चुअल कोर्ट में स्थानांतरित किये जाने के उपरान्त जुर्माने के भुगतान तथा पुलिस एवं न्यायिक विभाग के मध्य बेहतर समन्वय स्थापित किये जाने के संबंध में भी विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। जनपद न्यायाधीश ने कहा कि हाईकोर्ट इलाहाबाद के निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित किया जाए और अधिक से अधिक लघु आपराधिक मामलों एवं वाहनों के चालानों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट शारिब अली, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव पंकज कुमार, न्यायिक मजिस्ट्रेट अक्षिता सिंह, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व संदीप कुमार वर्मा, डीसीपी क्राइम हिमांशु गौरव तथा डीसीपी ट्रैफिक सोनम कुमार उपस्थित रहे।
Source: Newsline Features And Press Agency, Agra



