
डिजिटल ज्ञान और एआई के प्रति जागरूक बनें : योगी आदित्यनाथ
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने योगी की पाती के माध्यम से कहा है कि आज के समय में तेजी से बदल रही तकनीक को देखते हुए डिजिटल साक्षरता के साथ एआई साक्षरता को भी बढ़ावा देना चाहिए। एआई, डीप टेक और उभरती प्रौद्योगिक शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, उद्योग और रोजगार के नए अवसर खोल रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा ऑपरेशन कायाकल्प, मिशन प्रेरणा, मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना और कौशल विकास कार्यक्रमों के माध्यम से शिक्षा की गुणवत्ता, विद्यालयी सुविधाओं, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी और युवाओं के कौशल विकास पर ध्यान दिया गया है। इसी के परिणामस्वरूप प्रदेश में अधिक से अधिक बच्चे शिक्षा की मुख्य धारा से जुड़ रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अगर किसी के आसपास कोई भी व्यक्ति अक्षर ज्ञान से वंचित है तो उसे साक्षर बनाने का कर्तव्य पूरा करने की आवश्यकता है। अंतर्राष्ट्रीय साक्षरता दिवस पर सभी को संकल्प लेना चाहिए कि हर बच्चा विद्यालय पहुंचे, हर विद्यार्थी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पाए, हर युवा कौशल और नवाचार से जुड़े एवं हर नागरिक साक्षर होने के साथ डिजिटल ज्ञान और एआई के प्रति जागरूक बने।
Source: Newsline Features And Press Agency, Agra



