
स्वाइन फ्लू से बचने के लिए सावधानी बरतना जरूरी
देश में तेजी से पैर पसार रहे स्वाइन फ्लू को लेकर अब लोगों को भी सावधानी बरतने की आवश्यकता है। डाक्टरों के अनुसार जुकाम, खांसी, तीन दिन से अधिक समय तक रहने वाला तेज बुखार और सांस फूलने जैसी समस्याएं होने पर देर किए बिना डॉक्टर की सलाह से खून की जांच करा लेनी चाहिए। अगर जांच में स्वाइन फ्लू के लक्षण मिलते हैं तो डॉक्टर की सलाह एवं निर्देश के अनुसार दवाओं का सेवन और परहेज करना चाहिए।
डॉक्टरों के अनुसार स्वाइन फ्लू से बचने के लिए मुंह पर रुमाल रखकर छींकना और खांसना चाहिए। बिना कारण के भीड़ भाड़ वाली जगहों पर जाने से बचें। अपने हाथों को अच्छी तरह से साफ पानी और साबुन से समय-समय पर धोते रहें। घर से बाहर निकलें तो मास्क लगाएं।
डॉक्टरों की मानें तो वृद्धावस्था, कमजोर इम्युनिटी, डायबिटीज, हाई ब्लड प्रेशर, हृदय रोग जैसी समस्या वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। जिन छोटे बच्चों में खांसी, बुखार, जुकाम, पेट में दर्द, उल्टी, दस्त, पीलिया, निमोनिया, पसली चलना या सांस लेने में दिक्कत होने की परेशानी हो तो लापरवाही नहीं बरतनी चाहिए बल्कि तत्काल विशेषज्ञ डॉक्टर से संपर्क कर इलाज कराना चाहिए।
Source: Newsline Features And Press Agency, Agra



