
अगले महीने से आगरा में आईएसबीटी तक दौड़ेगी मेट्रो
आगरा मेट्रो के विस्तार को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। मेट्रो रेल सुरक्षा आयुक्त की ऑडिट रिपोर्ट में मेट्रो ट्रैक, स्टेशनों और अन्य व्यवस्थाओं को पूरी तरह दुरुस्त पाए जाने के बाद शासन को रिपोर्ट भेज दी गई है। इसके साथ ही अगले महीने से बिजली घर से आईएसबीटी (इंटर स्टेट बस टर्मिनल) तक मेट्रो ट्रेन का संचालन शुरू होने की उम्मीद है।
आगरा मेट्रो के पहले कॉरिडोर के ताज पूर्वी गेट से सिकंदरा तक करीब 14 किलोमीटर हिस्से में कुल 13 स्टेशन प्रस्तावित हैं। वर्तमान में ताज पूर्वी गेट से मनकामेश्वर स्टेशन तक मेट्रो का संचालन किया जा रहा है। नए चरण में बिजली घर, एमजी रोड सहित प्रमुख क्षेत्रों को मेट्रो नेटवर्क से जोड़ा जाएगा। आईएसबीटी मेट्रो स्टेशन समेत संबंधित स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा चुका है।
मेट्रो रेल संरक्षा आयुक्त नीलाभ्र सेन गुप्ता ने 19-20 अगस्त को प्रस्तावित स्टेशनों के ट्रैक, सिग्नल और अन्य व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया था। निरीक्षण के बाद संतोषजनक रिपोर्ट शासन को भेजी गई है। उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन के उप-महाप्रबंधक पंचानन मिश्रा के अनुसार, टीम की ओर से तैयार रिपोर्ट शासन को भेज दी गई है और अगले महीने आईएसबीटी तक मेट्रो ट्रेन संचालन शुरू किए जाने की तैयारी है। इसके बाद दिसंबर तक सिकंदरा तक मेट्रो पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है।
Source: Newsline Features And Press Agency, Agra



