
बरसात में हडडी से जुड़े मरीज रखें सावधानी
बरसात के मौसम में नमी होने से हड्डी से जुड़े मरीजों की संख्या में बढ़ोत्तरी हो रही है। इसमें मांसपेशियों में खिंचाव, जकड़न, गठिया, पुरानी चोट, कंधे, कूल्हे और कमर में दर्द के मरीज भी बढ़ रहे हैं। इलाज में लापरवाही और देरी के कारण समस्या और बढ़ने लगती है।
आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज के हड्डी रोग विभाग के डॉक्टर रजत कपूर ने बताया कि ओपीडी में इन दिनों हड्डियों में दर्द, गठिया एवं पुरानी चोट के उभरने से दर्द के मरीज अधिक आ रहे हैं। जांच के दौरान कैल्शियम की कमी के कारण भी हड्डियों से संबंधित समस्याएं देखने को मिलती हैं।
डॉक्टर कपूर ने बताया कि बरसात के मौसम में गठिया और हड्डियों के मरीजों को विशेष ध्यान देने की जरूरत है।फिजियोथैरेपी करने के साथ-साथ डॉक्टर से दिखाकर बताई गई दवाओं का सेवन करते रहना चाहिए। बरसात में भीगने और ठंडी जगह बैठने से बचना चाहिए। अपने आहार में दूध, दही, पनीर, अंडा, ड्राई फ्रूट्स आदि का सेवन करना भी हड्डियों को मजबूत बनाने में मददगार होता है।
Source: Newsline Features And Press Agency, Agra



