ध्वजारोहण कर हर्षोल्लास के साथ मना स्वतंत्रता दिवस

ADVERTISEMENT
Digital Chacha Advertisement

आगरा में शनिवार 15 अगस्त को जिले के सभी सरकारी एवं गैर सरकारी कार्यकमों में हर्षोल्लास के साथ स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ध्वजारोहण किया गया और देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। मंडलायुक्त कार्यालय में शनिवार को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मंडलायुक्त नगेंद्र प्रताप सिंह ने ध्वजारोहण किया। उन्होंने कहा कि अनेकता में एकता हमारी पहचान है। नगर निगम कन्या विद्यालय की छात्राओं ने देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।
मंडलायुक्त ने स्वतंत्रता दिवस की बधाई देते हुए भारत की प्राचीन और श्रेष्ठ संस्कृति का उल्लेख करते हुए स्वतंत्रता सेनानियों तथा शहीदों को नमन किया। कलेक्ट्रेट में जिलाधिकारी मनीष बंसल ने ध्वजारोहण किया और अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्पष्ट संदेश दिया कि कलेक्ट्रेट से कोई भी फरियादी निराश नहीं लौटना चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकारी फाइलें किसान, मजदूर और फरियादियों का जीवन होती हैं। इसलिए अनावश्यक रूप से फाइलों को लंबित नहीं रखें, उनका संवेदनशीलता के साथ शीघ्र निस्तारण करें। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने अमर सेनानियों के आश्रितों को सम्मानित भी किया।
पुलिस कमिश्नर दीपक कुमार ने पुलिस लाइन में आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह में झंडारोहण करते हुए कहा कि हमें मिली आजादी अनगिनत वीरों के बलिदान का परिणाम है। इन वीरों की याद में अपने कर्तव्य को पूरी ईमानदारी से निभाना चाहिए। हम सभी कानून का पालन करें। तभी हमारा समाज सुरक्षित और समृद्ध होगा।
वहीं यूपी-112 मुख्यालय की ओर से उत्कृष्ट सेवाओं के लिए 13 अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। पुलिस आयुक्त ने कमिश्नरेट के 67 अधिकारी एवं कर्मचारियों को सराहनीय कार्य, कर्तव्य निष्ठा, कार्य निष्पादन और जनसेवा में उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान किए।
यातायात पुलिस लाइन में उपायुक्त पुलिस सोनम कुमार और डीसीपी सिटी कार्यालय में उपायुक्त पुलिस सैय्यद अली अब्बास ने ध्वजारोहण किया। हर घर तिरंगा अभियान के तहत पुलिस द्वारा वाहन रैली भी निकाली गई। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिले के सभी सरकारी विभागों, विश्वविद्यालयों, स्कूलों, कॉलेजों, सामाजिक संगठनों, व्यापारियों, अधिवक्ता संगठनों, समाजसेवियों, पत्रकार संगठनों, चिकित्सकों, चार्टर्ड एकाउंटेंट्स आदि द्वारा ध्वजारोहण किया गया।

Source: Newsline Features And Press Agency, Agra

ADVERTISEMENT
Advertisement

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *