
फर्जी जन्म प्रमाण पत्र से आधार बनवाया तो होगी प्राथमिकी
फर्जी जन्म प्रमाणपत्र और अन्य गलत दस्तावेजों के सहारे आधार कार्ड बनवाने वालों को चिह्नित कर उनके खिलाफ अब प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी। इसके साथ ही मनमानी वसूली रोकने के लिए सभी आधार सेवा केंद्रों पर शुल्क की सूची लगाना अनिवार्य कर दिया गया है।
मुख्य विकास अधिकारी प्रतिभा सिंह ने बताया कि नई तकनीकी के जरिए अब लोग आधार एप से स्वयं से घर बैठे अपना और परिवार का मोबाइल नंबर, पता, ईमेल आईडी अपडेट कर सकते हैं। आधार भुवन पोर्टल पर पिन कोड डालकर नजदीकी आधार केंद्र का पता लगाया जा सकता है।
मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि आधार का कार्य करने वाले सभी बैंकों, सीएससी सेंटरों और डाकघरों को अपनी आधार किट सक्रिय कर सुचारू रूप से जनसेवाएं देने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि अगर कोई भी व्यक्ति गलत तरीके से फर्जी दस्तावेज लगाकर आधार कार्ड बनवाता है तो उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।
Source: Newsline Features And Press Agency, Agra



