
अंगदान के लिए आईएमए परिजनों को करेगा जागरूक
इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) की आगरा इकाई द्वारा अंगदान करने के लिए विशेष अभियान शुरू किया गया है। अभियान 13 अगस्त तक चलेगा। इसमें ब्रेन डेड मरीजों के परिजनों को मरीज के अंगदान करने के लिए प्रेरित किया जाएगा। कार्यक्रम में अंगदान जागरूकता का पोस्टर जारी किया गया।
एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉक्टर पंकज नगायच ने बताया कि ब्रेन डेड मरीज के हृदय, फेफड़े, किडनी, लिवर, अग्नाशय, आंत, त्वचा, हड्डी आदि जरूरतमंद मरीजों के काम आ सकते हैं। इसलिए ब्रेन डेड मरीजों के परिजनों से संपर्क कर उन्हें अंगदान करने के लिए समझाया जाएगा।
इंडियन सोसाइटी ऑफ क्रिटिकल केयर मेडिसिन के अध्यक्ष डॉक्टर रणवीर त्यागी ने कहा कि आइसीयू में भर्ती ब्रेन डेड मरीज के परिजन अगर अंगदान की मंजूरी प्रदान कर दें तो अन्य मरीजों की जान बचाई जा सकती है।
कार्यक्रम में डॉक्टर रजनीश मिश्रा, डॉक्टर शेफाली मजूमदार, डॉक्टर दीप्तिमाला अग्रवाल, डॉक्टर मुकेश भारद्वाज, डॉक्टर अरविंद यादव, डॉक्टर प्रशांत लवानियां, डॉक्टर अनूप दीक्षित, डॉक्टर करण रावत, डॉक्टर सीमा सिंह आदि मौजूद रहे।
Source: Newsline Features And Press Agency, Agra



