240 सदस्यीय जापानी प्रतिनिधि मंडल ने किया ताज का दीदार

ADVERTISEMENT
Digital Chacha Advertisement

जापान के यामानाशी प्रीफेक्चर के गवर्नर कोटारो नागासाकी और उप-गवर्नर जुनिची इशिदेरा के नेतृत्व में गुरुवार 20 अगस्त को उच्च स्तरीय 240 सदस्यीय जापानी प्रतिनिधि मंडल ने विश्वप्रसिद्ध ताजमहल दीदार किया। ताजमहल की संगमरमरी खूबसूरती को देखकर गवर्नर, उनकी पत्नी और सभी विदेशी मेहमान अभिभूत नजर आए।
इससे पूर्व उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल के फतेहाबाद रोड स्थित होटल पहुंचने पर उत्तर प्रदेश सरकार की तरफ से प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने प्रतिनिधिमंडल की आगवानी की। महानिदेशक पर्यटन डॉक्टर वेद पति मिश्र, जिलाधिकारी मनीष बंसल, पुलिस कमिश्नर दीपक कुमार, अपर आयुक्त राजेश कुमार ने प्रतिनिधिमंडल का पुष्पगुच्छ देकर, रोली तिलक से भव्य स्वागत किया। जापानी प्रतिनिधि मंडल के स्वागत में मार्ग पर ब्रज के लोकनृत्य तथा सांस्कृतिक प्रस्तुति दी गई।
जिलाधिकारी मनीष बंसल ने बताया कि प्रतिनिधिमंडल का दौरा उत्तर प्रदेश में निवेश, व्यापार और पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए महत्वपूर्ण है। यह प्रतिनिधिमंडल ‘यूपी-जापान इन्वेस्टमेंट मीट’ और बिजनेस कॉन्क्लेव के सिलसिले में भारत आया है। जापानी उद्योगपतियों और निवेशकों के साथ उत्तर प्रदेश में विनिर्माण, स्वच्छ ऊर्जा, तकनीकी सहयोग और रोजगार के अवसरों के नए द्वार खोलेगा।
ताजमहल के अवलोकन के बाद प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री ने जापान के गवर्नर को ताज का मोमेंटो भेंट किया। तत्पश्चात उच्च स्तरीय प्रतिनिधि मंडल लखनऊ के लिए प्रस्थान कर गया।

Source: Newsline Features And Press Agency, Agra

ADVERTISEMENT
Advertisement

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *