
वकीलों को मिलेगी कैशलैस इलाज की सुविधा: मुख्यमंत्री
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के अधिवक्ताओं को कैशलैस इलाज की सुविधा देने का भरोसा देते हुए कहा कि इसके लिए वार्ता करके जल्द ही एक व्यवस्था बनाई जाएगी। अधिवक्ताओं को देश और समाज का प्रहरी बताते हुए मुख्यमंत्री ने आह्वान किया कि वे देश और समाज के खिलाफ होने वाली साजिशों का प्रतिकार करने के लिए चौकन्ना रहें।
मंगलवार 28 जुलाई को बार एसोसिएशन सिविल कोर्ट गोरखपुर की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी के परिचय समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने आजादी के आंदोलन से लेकर वर्तमान कालखंड में अधिवक्ताओं के योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला। मुख्यमंत्री ने कहा कि अधिवक्ता सिर्फ मुकदमा ही नहीं लड़ते बल्कि नागरिकों के विश्वास के प्रतीक होते हैं। वह समाज के कानूनी सलाहकार और संविधान के सारथी की भूमिका में होते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि न्यायपालिका और अन्य स्तंभों के बीच संवाद को बढ़ाने में अधिवक्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। कानूनी समस्याओं का समाधान निकालने के लिए अधिवक्ता नागरिक और न्यायपालिका के बीच विश्वास का संबंध बनाने में अपनी भूमिका का निर्वहन करते हैं।
Source: Newsline Features And Press Agency, Agra



