
नए सहकारी बैंक खोलने के लिए मिलेंगे लाइसेंस : रिजर्व बैंक
भारतीय रिजर्व बैंक ने शहरी क्षेत्रों में करीब 22 वर्ष बाद फिर से नए सहकारी बैंक खोलने का फैसला किया है। रिजर्व बैंक के गवर्नर संजय मल्होत्रा ने कहा है कि सहकारी बैंक खोलने के लिए लाइसेंस किसी भी समय आवेदन की खुली व्यवस्था (ऑन-टैप) के आधार पर जारी किए जाएंगे।
गवर्नर ने कहा कि दो दशकों में शहरी सहकारी बैंकों को लेकर नियमन मजबूत हुआ है। गवर्नेंस और आर्थिक इंडिकेटर्स के मोर्च पर इनका प्रदर्शन भी बेहतर हुआ है। इसलिए रिजर्व बैंक ने सहकारी बैंक खोलने पर चली आ रही रोक को हटाने का फैसला किया है।
गवर्नर ने कहा कि केवल अच्छी पूंजी वाली कोऑपरेटिव क्रेडिट सोसायटी को ही सहकारी बैंक खोलने का लाइसेंस मिलेगा। आवेदकों के पास बीते वित्तीय वर्ष की 31 मार्च तक 300 करोड़ की पूंजी होनी चाहिए। साथ ही लाइसेंस मिलने के समय शुद्ध एनपीए तीन फीसदी से अधिक नहीं होना चाहिए।
Source: Newsline Features And Press Agency, Agra



