डीबीआरएयू : दीक्षांत समारोह में राज्यपाल ने 64 मेधावियों को दिए 88 पदक

उत्तर प्रदेश की राज्यपाल एवं कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल की गरिमामय उपस्थिति में सोमवार 3 अगस्त को आगरा के डॉक्टर भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय का 92वां दीक्षांत समारोह खंदारी परिसर स्थित शिवाजी मंडपम में संपन्न हुआ। जिसमें शैक्षणिक उत्कृष्टता के लिए 64 मेधावी विद्यार्थियों को कुल 88 स्वर्ण, रजत एवं अन्य पदकों से सम्मानित किया गया तथा कुल 79,832 विद्यार्थियों को उपाधि प्रदान की गई।
सर्वप्रथम राज्यपाल ने एचपीवी वैक्सीनेशन अभियान का शुभारंभ किया तथा मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर अरूण कुमार श्रीवास्तव को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। अपने उद्बोधन में राज्यपाल ने उपस्थित छात्र-छात्राओं को अच्छी संगत व अच्छे मित्र चुनने एवं जीवन में नैतिकता को आत्मसात कर आत्मनिर्भर बनने हेतु प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल व्यक्तिगत सफलता या रोजगार का माध्यम नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र निर्माण का सबसे प्रभावी साधन भी है। उन्होंने सभी उपाधि धारक विद्यार्थियों को बधाई देते हुए सत्यनिष्ठा, अनुशासन, परिश्रम, सेवा भाव और सामाजिक उत्तरदायित्व को जीवन का आधार बनाने का संदेश दिया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
राज्यपाल द्वारा जनपद में गर्भाशय कैंसर के प्रति निरंतर जागरूकता अभियान संचालित करने व सराहना पूर्ण वैक्सिनेशन कार्य करने हेतु जिलाधिकारी मनीष बंसल को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। कुलपति प्रोफेसर आशु रानी ने स्वागत संबोधन के बाद विश्वविद्यालय द्वारा किए जा रहे शिक्षा क्षेत्र में विभिन्न कार्य, नवाचार व प्रगति विवरण प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के चार सर्वश्रेष्ठ प्राचार्यों को भी सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि एनसीटीई के चेयरपर्सन प्रोफेसर पंकज अरोरा ने कहा कि विकसित भारत हेतु तकनीकी को अपनाएं, अपने सामाजिक मूल्यों को न छोड़े तथा अपनी सांस्कृतिक विरासत को अक्षुण्ण रखें। उन्होंने कहा कि विकसित भारत हेतु ज्ञानार्जन प्रथम है, अतः अपने मस्तिष्क का अधिक से अधिक उपयोग करेें और 2047 में विकसित भारत बनाने हेतु शिक्षा के माध्यम से अपना योगदान दें। विशिष्ट अतिथि उत्तर प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने कहा कि दीक्षांत, शिक्षांत नहीं है। शिक्षा जिंदगी भर चलती रहती है। कोशिश करने वालों की हार नहीं होती। मेडल प्राप्त करने वाले युवा समाज के लिए मॉडल बनें।
दीक्षांत समारोह में एचपीवी वैक्सीन टीकाकरण कैंप में बेटियों का वैक्सीनेशन किया गया। साथ ही आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए प्री-स्कूल किट का वितरण भी किया गया। समारोह में मंडलायुक्त नगेंद्र प्रताप, जिलाधिकारी मनीष बंसल, पुलिस आयुक्त दीपक कुमार, मुख्य विकास अधिकारी श्रीमती प्रतिभा सिंह, अपर जिलाधिकारी नगर यमुनाधर चौहान, अपर जिलाधिकारी नागरिक आपूर्ति अजय नारायण, कुलसचिव अजय मिश्रा, परीक्षा नियंत्रक, ओमप्रकाश सहित विश्वविद्यालय के अधिकारी आदि की मौजूदगी उल्लेखनीय रही।

Source: Newsline Features And Press Agency, Agra

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *