Physical Address
304 North Cardinal St.
Dorchester Center, MA 02124
Physical Address
304 North Cardinal St.
Dorchester Center, MA 02124

रक्षाबंधन पर्व को देखते हुए भाई-बहन के स्नेह के प्रतीक राखी को सुरक्षित, आकर्षक और समयबद्ध ढंग से गंतव्य तक पहुंचाने के उद्देश्य से भारतीय डाक विभाग के मुख्यालय क्षेत्र, गुजरात सर्किल के पोस्टमास्टर जनरल कृष्ण कुमार यादव ने डिजाइनर राखी कवर एवं राखी गिफ्ट बॉक्स डाकघरों से बिक्री के लिए जारी किए। ये विशेष राखी लिफाफे और राखी गिफ्ट बॉक्स सभी प्रधान डाकघर, उप डाकघर और सुदूर गांवों में स्थित शाखा डाकघरों में बिक्री के लिए उपलब्ध होंगे। इन्हें रेलवे मेल सर्विस के काउंटर्स द्वारा भी बिक्री के लिए उपलब्ध कराया जायेगा।
पोस्टमास्टर जनरल ने बताया कि तीन विभिन्न डिजाइन में उपलब्ध ये राखी लिफाफे वाटर रेसिस्टेंट हैं। इसलिए बारिश के संपर्क में आने पर खराब नहीं होंगे। निर्धारित आकार वाले इन लिफाफों का मूल्य 10 रुपये मात्र है, जो डाक शुल्क के अतिरिक्त है। इसके अलावा तीन विभिन्न साइज के राखी गिफ्ट बॉक्स भी काउंटर्स पर बिक्री के लिए उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जिनका मूल्य क्रमश: 35, 40 और 50 रुपये है। इसके माध्यम से राखी के साथ मिठाई और गिफ्ट भी इण्डिया पोस्ट पार्सल से देश-विदेश में भेजे जा सकते हैं।
पोस्टमास्टर जनरल ने बताया कि राखी लिफाफे और बॉक्स की आकर्षक डिजाइन में भारतीय डाक विभाग का लोगो और रक्षाबंधन की पारंपरिक भावना को दर्शाते हुए राखी, पुष्प, पूजा थाल, तथा भाई-बहन के स्नेह पूर्ण संबंध का मनमोहक चित्रांकन किया गया है। रंगीन और डिजाइनर होने की वजह से उन्हें अन्य डाक और पार्सल से अलग करने में समय की बचत और रक्षाबंधन पर्व के पूर्व वितरण करने में भी सहूलियत होगी। इंटरनेशनल ट्रैक पैकेट सेवा के माध्यम से विदेशों में भी किफायती दामों पर राखी पोस्ट भेजी जा सकती है।
Source: Newsline Features And Press Agency, Agra