Physical Address
304 North Cardinal St.
Dorchester Center, MA 02124
Physical Address
304 North Cardinal St.
Dorchester Center, MA 02124

उत्तर प्रदेश के परिषदीय स्कूलों के करीब सवा करोड़ बच्चों को टिटनेस, डिफ्थीरिया, काली खांसी, खसरा और रूबेला जैसी गंभीर संक्रामक बीमारियों से सुरक्षित रखने के लिए अगस्त माह में दो चरणों में विशेष टीकाकरण अभियान चलाए जाएंगे। अभियान के तहत पहले चरण में 3 से 7 अगस्त तक टिटनेस, डिफ्थीरिया एवं काली खांसी के और दूसरे चरण में 18 से 28 अगस्त तक खसरा एवं रूबेला के टीके लगाए जाएंगे।
महानिदेशक स्कूल शिक्षा मोनिका रानी ने इस संबंध में सभी जिला विद्यालय निरीक्षकों और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारियों को टीकाकरण अभियान के प्रभावी संचालन के निर्देश दिए हैं। यह अभियान उत्तर प्रदेश के सभी 75 जिलों के परिषदीय व सहायता प्राप्त स्कूल, मदरसों और आंगनबाड़ी केंद्रों में चलाया जाएगा। अभियान के लिए प्रत्येक स्कूल में नोडल शिक्षक नामित किया जाएगा। अभिभावकों को जागरूक करने के लिए भी जन जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
टीकाकरण अभियान के प्रभावी संचालन के लिए जिला प्रतिरक्षण अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक और बेसिक शिक्षा अधिकारी द्वारा संयुक्त रूप से स्कूलवार माइक्रोप्लान तैयार कर यह सुनिश्चित किया जाएगा कि कोई भी बच्चा टीकाकरण से वंचित नहीं रह जाए। अभियान की प्रगति की नियमित निगरानी जिला एवं राज्य स्तर पर की जाएगी। साथ ही अभियान से संबंधित सभी गतिविधियों की जानकारी निर्धारित पोर्टलों पर भी अपलोड की जाएगी।
Source: Newsline Features And Press Agency, Agra