
दयालबाग में सिटी ब्रांच ने लगाया निशुल्क मेडिकल कैंप
राधास्वामी सत्संग सभा दयालबाग, आगरा के दयाल नगर स्थित सिटी ब्रांच के सत्संग भवन में गुरुवार 20 अगस्त को सरन आश्रम हॉस्पिटल के सहयोग से ब्रांच की ओर से एक वृहद मेडिकल कैंप का आयोजन प्रातः 7 बजे से किया गया। हर तीसरे गुरुवार को आयोजित होने वाले कैंप में इस बार भी सरन आश्रम हॉस्पिटल के एलोपैथी, होम्योपैथी और आयुर्वेद पद्धति से जुड़े विशेषज्ञ चिकित्सकों ने सेवाभाव के आधार पर मरीजों की निशुल्क जांच की और उन्हें आवश्यकतानुसार जरूरी दवाएं भी निशुल्क उपलब्ध कराईं। वहीं मेडिकल कैंप में मरीजों के ब्लड प्रेशर की जांच की गई और चिकित्सकों के निर्देश पर पैथोलॉजी टीम द्वारा निशुल्क ब्लड टेस्ट भी किया गया।
सिटी ब्रांच के असिस्टेंट सेक्रेटरी प्रेमी भाई अनिल कुमार सत्संगी ने बताया कि ब्रांच द्वारा विगत वर्षों से प्रत्येक महीने के तीसरे गुरुवार को आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद लोगों के स्वास्थ्य लाभ के लिए मेडिकल कैंप का आयोजन किया जा रहा है। कैंप में दयालबाग के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में मरीज आते हैं और कैंप में चिकित्सकों की सेवाएं लेते हैं। कैंप में मरीजों की जांच और दवाओं का वितरण पूरी तरह निशुल्क रहता है।
श्री सत्संगी ने बताया कि कैंप में फिजीशियन, हड्डी रोग, नाक कान व गला रोग, नेत्र रोग, दंत रोग, महिलाओं से संबंधित रोग, हृदय रोग आदि के विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा पूर्ण समर्पण एवं सेवाभाव के साथ अपनी सेवाएं प्रदान की जाती हैं। मेडिकल कैंप आयोजित करने में ब्रांच की टीम के प्रेमी भाई प्रेम प्रकाश शर्मा, राजीव भटनागर, रतन कुमार आदि सत्संगी भाइयों का योगदान सराहनीय है।
उन्होंने कहा कि ब्रांच की ओर से आगे भी इसी तरह हर माह के तीसरे गुरुवार को आम जनता की सेवा के उद्देश्य से निशुल्क मेडिकल कैंप आयोजित किए जाते रहेंगे। उन्होंने कैंप में सहभागिता करने वाले समस्त चिकित्सकों, सरन आश्रम हॉस्पिटल स्टाफ, सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।
Source: Newsline Features And Press Agency, Agra



