Physical Address
304 North Cardinal St.
Dorchester Center, MA 02124
Physical Address
304 North Cardinal St.
Dorchester Center, MA 02124

श्रावण मास और कांवड़ यात्रा के मद्देनजर तैयारियों के लिए आगरा के जिलाधिकारी मनीष बंसल ने संबंधित विभागों के साथ कलेक्ट्रेट में बैठक कर शिवालय एवं कांवड़ मार्गों पर सुरक्षा, स्वच्छता, स्वास्थ्य और निर्बाध विद्युत आपूर्ति जैसी व्यवस्थाएं दुरुस्त करने, सीसीटीवी कैमरों से निगरानी और पुलिस प्रबंध करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने राजेश्वर, मनकामेश्वर, कैलाश, बल्केश्वर, पृथ्वी नाथ और रावली आदि मंदिरों पर साफ-सफाई, बैरिकेडिंग, सीसीटीवी निगरानी और पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने नगर निगम एवं संबंधित विभागों को फागिंग, एंटी लार्वा छिड़काव, पेयजल व्यवस्था और खुले मैनेहॉल तथा क्षतिग्रस्त स्लैब को तत्काल ठीक कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को बटेश्वर में सावन के सोमवार को होने वाली भीड़ के मद्देनजर घाटों पर गोताखोर, नाव, बचाव उपकरण और सुरक्षा जाली लगाने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन सभी जगह पर एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड और मेडिकल टीमें मुस्तैद रहेंगी। इसके अलावा शहर में मेट्रो निर्माण से प्रभावित मार्गों पर सुगम आवागमन के लिए पुलिस एवं यातायात विभाग को समन्वय बनाकर जरूरी डायवर्जन प्लान लागू करने के लिए भी निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि सावन माह के बीच 4 अगस्त को चेहल्लुम और 26 अगस्त को बारावफात का पर्व भी है। इसलिए सभी लोग एक दूसरे की धार्मिक भावनाओं का सम्मान करते हुए त्योहारों को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाएं। बैठक में नगर आयुक्त संतोष वैश्य, अपर जिलाधिकारी नगर यमुनाधर चौहान और अतिरिक्त डीसीपी हिमांशु गौरव सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
Source: न्यूज़लाइन फीचर्स एंड प्रेस एजेंसी