
आगरा के 430 केंद्रों पर उपलब्ध है एंटी सर्वाइकल वैक्सीन की सुविधा
आगरा में बालिकाओं को सर्वाइकल कैंसर से बचाने के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा अब एंटी सर्वाइकल वैक्सीन लगवाने की सुविधा उप स्वास्थ्य केंद्र पर भी शुरू कर दी गई है। अब 430 केंद्रों पर वैक्सीन लगाई जा रही है। अभी तक 80 केंद्रों पर वैक्सीन लगाई जा रही थी।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर अरुण श्रीवास्तव ने बताया कि अभी तक 18 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, जिला अस्पताल, लेडी लॉयल, एसएन मेडिकल कॉलेज और शहरी स्वास्थ्य केंद्र समेत 80 स्थानों पर टीकाकरण किया जा रहा था, लेकिन अब उप स्वास्थ्य केंद्र पर भी टीकाकरण की व्यवस्था शुरू कर दी गई है। इस तरह अब 430 केंद्रों पर एंटी सर्वाइकल वैक्सीन लगवाई जा सकती है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि उप स्वास्थ्य केंद्रों पर हर बुधवार और शनिवार को टीकाकरण होगा, जबकि अन्य जगहों पर सोमवार से शनिवार तक वैक्सीन लगवाई जा सकती है। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉक्टर भूपेंद्र कुमार ने बताया कि 14 से 15 साल की बालिकाओं को एंटी सर्वाइकल वैक्सीन निशुल्क लगाई जा रही है। इस वैक्सीन के कोई भी साइड इफेक्ट नहीं है। वैक्सीन लगने से सर्वाइकल (बच्चेदानी के मुख) कैंसर से बचाव होता है।
Source: Newsline Features And Press Agency, Agra



