
अब ऑनलाइन शिकायत कर सकेंगे डॉक्टर
भारत में प्रैक्टिस कर रहे डॉक्टरों के लिए अब शिकायत और अपील करने की प्रक्रिया ऑनलाइन होने जा रही है। राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग द्वारा राज्य मेडिकल काउंसिलों के फैसलों के खिलाफ अपील करने के लिए नया ऑनलाइन एथिक्स अपील पोर्टल शुरू कर दिया गया है। अब डॉक्टर अपनी अपील इसी पोर्टल के माध्यम से दाखिल कर सकेंगे।
राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग के एथिक्स एंड मेडिकल रजिस्ट्रेशन बोर्ड द्वारा इस आशय की सार्वजनिक सूचना जारी कर दी गई है। इस नई व्यवस्था का उद्देश्य डॉक्टरों द्वारा दाखिल की जाने वाली अपीलों के निस्तारण को अधिक पारदर्शी, तेज और सुगम बनाना है। इस व्यवस्था के बाद अब ई-मेल और कागजी आवेदन द्वारा शिकायत एवं अपील नहीं की जा सकेगी।
आयोग द्वारा डॉक्टरों और अन्य संबंधित पक्षों को सलाह दी गई है कि ऑनलाइन अपील दाखिल करते समय सभी जरूरी दस्तावेज सावधानीपूर्वक ऑनलाइन अपलोड करें, ताकि मामले के निस्तारण में अनावश्यक देरी न हों।
नई व्यवस्था के अनुसार अगर किसी रजिस्टर्ड डॉक्टर को राज्य मेडिकल काउंसिल के किसी फैसले पर आपत्ति है तो वह राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग अधिनियम, 2019 की धारा 30 (3) के तहत पहली अपील ऑनलाइन दाखिल कर सकेगा। वहीं एथिक्स एंड मेडिकल रजिस्ट्रेशन बोर्ड के फैसले के खिलाफ दूसरी अपील भी इसी पोर्टल के माध्यम से दाखिल की जाएगी।
Source: न्यूज़लाइन फीचर्स एंड प्रेस एजेंसी



