
स्क्रीन का बढ़ता इस्तेमाल बच्चों की आंखों के लिए खतरा
कानपुर के एक मेडिकल कॉलेज में किए गए अध्ययन के अनुसार मोबाइल, फोन, टैबलेट और डिजिटल स्क्रीन का बढ़ता इस्तेमाल बच्चों की आंखों की रोशनी के लिए खतरा बन रहा है। प्रतिदिन चार घंटे से अधिक समय तक स्क्रीन देखने वाले बच्चों में निकट दृष्टि दोष (मायोपिया) तेजी से बढ़ रहा है और आंखों की लंबाई समान्य से अधिक बढ़ रही है। इससे भविष्य में रेटिना संबंधी बीमारियों, ग्लूकोमा और गंभीर दृष्टि हानि का खतरा भी बढ़ सकता है।
अध्ययन के अनुसार बच्चों की आंखों की सुरक्षा के लिए स्क्रीन टाइम सीमित रखना चाहिए। कम से कम 2 घंटे के लिए प्रतिदिन बाहर खेलने के लिए किसी पार्क में जाना चाहिए। आंखों का नियमित परीक्षण और हर 20 से 30 मिनट स्क्रीन देखने के बाद आंखों को आराम देना चाहिए।
डॉक्टरों के अनुसार आंखों की देखभाल के साथ बच्चों को दैनिक आहार में अपने डॉक्टर की सलाह से हरी पत्तेदार सब्जी, दाल, फल, भीगे हुए बादाम, गाजर, पनीर, दूध, अंकुरित मोटे अनाज आदि अवश्य देने चाहिए।
Source: Newsline Features And Press Agency, Agra



