
सीएम योगी आदित्यनाथ ने आगरा में समीक्षा बैठक कर अधिकारियों को दिए निर्देश
दो दिवसीय दौरे पर आगरा आए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार 25 जुलाई को कमिश्नरी सभागार में जनपदीय समीक्षा बैठक आयोजित कर विकास कार्यों एवं कानून-व्यवस्था की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने फुटपाथों पर दुकान लगाने वाले रेहड़ी-पटरी दुकानदारों का वेडिंग जोन बनाकर पुनर्वास करने, शहर को पूर्णतः प्लास्टिक व पाॅलीथिन मुक्त करने, सीएम ग्रेड के अन्तर्गत बनाई जा रही सड़कों को पूर्ण करने, अतिक्रमण पर इन्फोर्समेंट की कार्यवाही करने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए।
जल जीवन मिशन की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने जल निगम के अधिकारियों की जवाबदेही सुनिश्चित करने तथा कार्य संतुष्टिजनक न होने पर ठेकेदार को ब्लैक लिस्ट कर संबंधित पर एफआईआर करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने सुप्रीम कोर्ट के हाल ही के फैसले पर चर्चा करते हुए कहा कि आगरा में लैदर प्रोडक्ट, डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग काॅरिडोर के कार्य को आगे बढ़ाने की अत्यधिक संभावनाएं हैं, इसके लिए उद्योगों को बढाने हेतु कार्ययोजना तैयार की जाए।
मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य विभाग, टीबी उन्मूलन अभियान, बेसिक शिक्षा, माध्यमिक शिक्षा विभाग, अवैध खनन अभियान, पशुपालन विभाग, वृक्षारोपण अभियान, लंबित राजस्व वादों की समीक्षा की। उन्होंने सभी टेंपो, थ्री व्हीलर, ई-रिक्शा का सत्यापन करने, बाहरी तथा आपराधिक तथ्यों को चिन्हित करने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए।
समीक्षा बैठक में जनपद प्रभारी मंत्री भूपेन्द्र सिंह चौधरी, केंद्रीय राज्य मंत्री प्रो.एसपी सिंह बघेल, राज्यसभा सदस्य नवीन जैन, सांसद राजकुमार चाहर, मंत्री बेबी रानी मौर्य, योगेंद्र उपाध्याय, धर्मवीर प्रजापति, विधायक डा. धर्मपाल सिंह, बाबूलाल, पुरुषोत्तम खण्डेलवाल, छोटेलाल वर्मा, रानी पक्षालिका सिंह, डा. जीएस धर्मेश, एमएलसी विजय शिवहरे, जिला पंचायत अध्यक्ष डा. मंजू भदौरिया तथा महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाह उपस्थित रहे।
बैठक में मंडलायुक्त नगेंद्र प्रताप, एडीजी जोन एसके भगत, पुलिस आयुक्त दीपक कुमार, जिलाधिकारी मनीष बंसल, डीआईजी आगरा रेंज शैलेष कुमार पांडेय, नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य, सीडीओ प्रतिभा सिंह, सीएमओ डॉ. अरुण कुमार श्रीवास्तव, एडीए उपाध्यक्ष अरुनमौली, डीएफओ राजेश कुमार, एडीएम प्रशासन आजाद भगत सिंह, एडीएम सिटी यमुनाधर चौहान, एडीएम वित्त व राजस्व संदीप कुमार, एडीएम प्रोटोकॉल अमरेंद्र कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
Source: न्यूज़लाइन फीचर्स एंड प्रेस एजेंसी



