
देश भर में धूमधाम से मना श्रीकृष्ण जन्मोत्सव
शुक्रवार 04 सितंबर को प्रकृति प्रदत्त काली घटाओं के बीच भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव देश भर में धूमधाम से मनाया गया। उत्तर प्रदेश के मथुरा जनपद स्थित श्रीकृष्ण जन्मस्थान में रात्रि 12 बजते ही भागवत भवन जयकारों से गूंज उठा। इस अवसर पर ठाकुर जी के विग्रह का पंचामृत से अभिषेक किया गया। मथुरा के अलावा गुजरात राज्य में स्थित श्री द्वारिकाधीश मंदिर और उत्तर प्रदेश के अयोध्या स्थित श्रीराम जन्मभूमि सहित देश के सभी मंदिरों में भव्य सजावट की गई थी।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के अवसर पर जन्मभूमि मंदिर परिसर में गो पूजन किया और भागवत भवन में पूजा अर्चना करने के बाद गर्भ गृह में लड्डू गोपाल के दर्शन किए। मुख्यमंत्री ने कहा कि काशी और अयोध्या की तर्ज पर ब्रज को भी संवारा जाएगा।
मुख्यमंत्री ने श्रीकृष्ण जन्मस्थान परिसर स्थित मंच से श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि ब्रजभूमि के आध्यात्मिक और सांस्कृतिक महत्व को ध्यान में रखते हुए मथुरा, वृन्दावन, नंदगांव और गोवर्धन को भी श्रद्धालुओं की भावनाओं के अनुरूप भव्य और आकर्षक बनाया जाएगा।
Source: Newsline Features And Press Agency, Agra



