
गाय के गोबर से बनीं गणेश प्रतिमाएं बिक्री के लिए उपलब्ध
गणेश चतुर्थी के पर्व पर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने वाली गणेश प्रतिमाएं बिक्री हेतु उपलब्ध होंगी। गाय के गोबर से तैयार इन गणेश प्रतिमाओं को नगर निगम कार्यालय में स्टॉल पर बिक्री के लिए लगाया गया है। यहां 9 से 18 इंच तक के गणपति उपलब्ध कराए गए हैं।
पशु कल्याण अधिकारी डॉक्टर अजय कुमार सिंह ने बताया कि प्लास्टर ऑफ पेरिस की जगह लोग गाय के गोबर से बनी गणेश प्रतिमाएं खरीद सकते हैं। निगम के गेट पर ही गोमय उत्पाद केंद्र स्थापित कराया गया है। गाय के गोबर से तैयार इन गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए श्रद्धालुओं को नदी या अन्य जल स्रोतों पर जाने की आवश्यकता नहीं होगी। इनका विसर्जन घर में ही गमले, बाल्टी या किसी अन्य पात्र में पानी डालकर किया जा सकता है । प्रतिमा के घुलने के बाद उस जल को पेड़ पौधों के लिए खाद के रूप में इस्तेमाल किया जा सकता है।
नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य ने बताया कि प्लास्टर ऑफ पेरिस की जगह लोग गाय के गोबर से बनी गणेश प्रतिमाएं खरीदने को प्राथमिकता दें। इससे पर्यावरण संरक्षण तो होगा ही, गोमय उत्पादों को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने बताया कि गाय के गोबर से बनी गणेश प्रतिमाएं नगर निगम के प्रवेश द्वार पर लगी स्टॉल पर बिक्री के लिए उपलब्ध हैं।श्रद्धालु अपनी आवश्यकता और पूजा स्थल के अनुसार अलग-अलग आकार की प्रतिमाएं खरीद सकते हैं।
Source: Newsline Features And Press Agency, Agra



