
गुरु पूर्णिमा पर ट्राई साइकिल व शैक्षिक सामग्री का हुआ वितरण
दीनदयाल मलुआ सेवा ट्रस्ट द्वारा गुरु पूर्णिमा और संत शिरोमणि रविदास जयंती के पावन अवसर पर आगरा के मोती महल स्थित डॉक्टर बीआर आंबेडकर वाटिका में सेवा एवं सत्संग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें तीन दिव्यांगों को बैटरी चलित ट्राई साइकिल तथा छात्र-छात्राओं को निशुल्क किताब-कॉपी वितरित की गईं। इसके लिए लाभार्थियों ने ट्रस्ट के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ट्रस्ट के संस्थापक महिपाल सिंह ने कहा कि गुरु पूर्णिमा भारतीय संस्कृति का एक महत्वपूर्ण पर्व है, जो हमें गुरुजनों के प्रति सम्मान और उनके आदर्शों पर चलने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि ट्रस्ट समाज के जरूरतमंद, दिव्यांग एवं वंचित वर्ग के लोगों की सेवा के लिए निरंतर कार्य करता रहेगा। समाजसेवी अशोक सागर एडवोकेट ने गुरु पूर्णिमा की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि गुरु ही व्यक्ति के जीवन को सही दिशा प्रदान करते हैं। उन्होंने ट्रस्ट द्वारा दिव्यांगों को बैटरी चलित ट्राई साइकिल वितरण और विद्यार्थियों को शैक्षिक सामग्री उपलब्ध कराने की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे सेवा कार्य समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का कार्य करते हैं।
चौधरी चंद्रसेन ने अपने संबोधन में कहा कि दीनदयाल मलुआ सेवा ट्रस्ट वर्षों से सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देता आ रहा है। उन्होंने ट्रस्ट की जन कल्याणकारी गतिविधियों की प्रशंसा करते हुए कहा कि दिव्यांगों को आत्मनिर्भर बनाने तथा शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए किए जा रहे प्रयास अनुकरणीय हैं। गुरु पूर्णिमा के उपलक्ष्य में सत्संग कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया। सत्संग में पधारे संतों एवं सत्संगियों ने गुरु महिमा का गुणगान करते हुए गुरु शब्द पर आधारित भजनों की सुंदर प्रस्तुतियां दीं। श्रद्धालुओं ने भक्ति भाव से कार्यक्रम में भाग लिया और गुरु के बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।इस अवसर पर लक्ष्मीनारायण, मास्टर भजनलाल सहित ट्रस्ट के पदाधिकारी, सदस्य एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
Source: Newsline Features And Press Agency, Agra



