देश-विदेश में मान्य होगी एसएन मेडिकल कॉलेज की रिपोर्ट

आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज की सेंट्रल लैब की जांच रिपोर्ट अब देश-विदेश में मान्य होगी। इसे नेशनल एक्रेडिटेशन बोर्ड फॉर टेस्टिंग एंड कैलिब्रेशन लैबोरेट्रीज (एनएबीएल) का प्रमाण पत्र प्राप्त हुआ है।
एसएन मेडिकल कॉलेज की सेंट्रल लैब से रोजाना 1350 मरीजों की विभिन्न बीमारियों की 9000 से अधिक जांच हो रही है। यह प्रमाण पत्र प्राप्त करने वाला एसएन मेडिकल कॉलेज प्रदेश का चौथा मेडिकल कॉलेज है।
प्राचार्य डॉक्टर प्रशांत गुप्ता ने बताया कि सेंट्रल लैब में नमूनों की 100 से अधिक मानकों पर जांच की जाती है। यह 24 घंटे संचालित रहती है। इसमें ओपीडी-आईपीडी के 1200 मरीजों की 7000 और इमरजेंसी में करीब 150 मरीजों की 2000 से अधिक जांचे हो रही हैं। पिछले साल करीब 25 लाख जांच हुई है।
प्राचार्य ने बताया कि सेंट्रल लैब में नमूनों की जांच उच्च मानकों पर विशेषज्ञ द्वारा की जाती है। इसकी रिपोर्ट अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी मान्य होगी। झांसी, प्रयागराज, गोरखपुर मेडिकल कॉलेज के बाद आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज को एनएबीएल प्रमाणपत्र प्राप्त हुआ है।
लैब की नोडल अधिकारी डॉक्टर कामना सिंह ने बताया कि बीते 3 साल में लैब को अपग्रेड करते हुए कई गंभीर रोगों की जांच हो रही है। आगरा मंडल के अलावा अलीगढ़ मंडल के मरीज भी इसका लाभ उठा रहे हैं। लैब के अपग्रेड करने में डॉक्टर पवन गौतम, डॉक्टर रितिका, डॉक्टर ज्योति और डॉक्टर कामिनी का भी महत्वपूर्ण योगदान है।

Source: Newsline Features And Press Agency, Agra

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *